लोक कला और भजनों से गूंजा ब्यावर, राठी पवेलियन में उमड़ा जनसैलाब

अनिल कुमार खींची

खेता खान की लोक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, 22 सितम्बर को आकृति मिश्रा देंगी भजनों की प्रस्तुति

स्मार्ट हलचल  ब्यावर। ऐतिहासिक श्री वीर तेजा मेले के तहत रविवार को सुभाष उद्यान स्थित राठी पवेलियन में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और देर रात तक कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।सांस्कृतिक संध्या में अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार खेता खान ने राजस्थानी लोक कला एवं संगीत की प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक लोक धुनों और संगीत की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली।

राठी पवेलियन में रंग-बिरंगी रोशनी और बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों से मेले का माहौल और भी उत्सवी हो गया। परिवारों, युवाओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।

श्री वीर तेजा मेले के तहत धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। इससे ब्यावर की लोक परंपरा, कला और सामाजिक सहभागिता को मंच मिल रहा है।

22 सितम्बर को आकृति मिश्रा की प्रस्तुति

मेले के आगामी कार्यक्रम के तहत 22 सितम्बर को भजन गायिका आकृति मिश्रा अपनी प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम का आयोजन शाम 8 बजे से राठी पवेलियन, सुभाष उद्यान में किया जाएगा।