महेंद्र कुमार सैनी
स्मार्ट हलचल/ नगर फोर्ट पलाई कस्बे में वीर तेजाजी मंदिर परिसर में वीर तेजाजी महाराज विकास सेवा समिति एवं संकल पंचों के तत्वावधान में वीर तेजाजी महाराज का तीन दिवसीय विशाल मेला शुरू हुआ। मेले का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा और शोभायात्रा के साथ किया गया।
पंडित बालकृष्ण शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर से कलश यात्रा रवाना की गई। कलश यात्रा के साथ निकली शोभायात्रा रैगर बस्ती, मुख्य बाजार, बस स्टैंड, नगरफोर्ट रोड होते हुए तेजाजी मंदिर प्रांगण में पहुंची।यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह ड्रोन से पुष्पवर्षा और आतिशबाजी कर भव्य स्वागत किया। पूरे कस्बे में तेजाजी महाराज के जयकारे गूंजते रहे। डीजे की धुन और तेजाजी के भजनों पर श्रद्धालु एवं महिलाएं मंगल गीत गाते हुए।नाचती-झूमती चल रही थीं। बाद में अलगोजा की धुन पर तेजाजी के गीत गाए गए। मेले में तेजाजी महाराज के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रात्रि में तेजाजी महाराज की भव्य झांकी सजाकर रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।
समिति अध्यक्ष रमेश धाकड़ व उपाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने बताया कि तेजाजी महाराज के ध्वज-पताका की बोली 27,000 रुपये में भजन लाल मीणा काशपुरिया वाले के नाम छूटी, जबकि प्रधान कलश की बोली 3,100 रुपये में मुकेश मीना भांकरवाड़ी वाले के नाम रही।मेले के तहत 22 सितंबर मंगलवार को सुबह 10 बजे से दो दिवसीय कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन होगा। मेले का समापन 4 सितंबर गुरुवार को पप्पू प्रजापत एंड पार्टी द्वारा विशाल भजन संध्या एवं सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा।इस अवसर पर सांस्कृतिक सचिव रामकिशन धाकड़, चारभुजा नाथ मंदिर विकास समिति पलाई के अध्यक्ष शेरसिंह सोलंकी, सेवक कमलेश गुर्जर, राजेंद्र गुर्जर, प्रकाश चंद धाकड़, मनराज, मुकेश मीणा, हरिराम खींची, सियाराम सहित पलाई पुलिस चौकी का जाप्ता एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।