अनिल कुमार खींची
स्मार्ट हलचल ब्यावर। अखिल भारत हिन्दू क्रान्ति सेना के “घर-घर गंगाजल अभियान” को लेकर गो कथा वाचक एवं गो भक्त मोहम्मद फैज खान ने आमजन से अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गंगा भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना की पवित्र धरोहर है। गंगाजल को घर-घर पहुंचाने के साथ गंगा स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना भी जरूरी है।राष्ट्रीय संरक्षक भंवर सिंह पलाड़ा की प्रेरणा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद सोनी के नेतृत्व में संचालित अभियान के तहत प्रथम चरण में मठ-मंदिरों और संत-महात्माओं तक गंगाजल पहुंचाया जा रहा है। अभियान संयोजक नाहर सिंह चुंडावत ने बताया कि आगामी चरण में अधिक से अधिक परिवारों तक गंगाजल पहुंचाने का लक्ष्य है।
मोहम्मद फैज खान ने कहा कि गंगाजल घर तक पहुंचाना श्रद्धा का विषय है, लेकिन गंगा को स्वच्छ एवं संरक्षित रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर जल संरक्षण, स्वच्छता एवं गंगा की महत्ता के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।