जलझूलनी एकादशी पर कोली समाज की शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शाहपुरा

बाबा रामदेव की प्रतिमा को पिवणिया तालाब में जल से झुलाया, अच्छी वर्षा व सुख-समृद्धि की कामना
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|जलझूलनी एकादशी के अवसर पर शाहपुरा में मंगलवार को कोली समाज की ओर से आस्था और भक्ति से ओतप्रोत शोभायात्रा निकाली गई। स्थानीय कोली मोहल्ला स्थित बाबा रामदेव मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा में समाजबंधुओं के साथ महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। हाथों में पचरंगी ध्वज लिए श्रद्धालु ‘जय हो रामा पीर’, ‘खम्मा-खम्मा हो कुँवर अजमाल रा’ और ‘एक-दो-तीन-चार, बाबा तेरी जय-जयकार’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। पूरा कोली मोहल्ला और बाजार बाबा रामदेव के जयकारों से गूंज उठा।
जलझूलनी एकादशी की परंपरा के तहत बाबा रामदेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। मान्यता के अनुसार शोभायात्रा प्रारंभ होने से पहले समाज के प्रत्येक घर से बाबा रामदेव की ज्योत के समक्ष चूरमा-बाटी का भोग लगाया गया। इसके बाद मंदिर से बाबा रामदेव की प्रतिमा को सुसज्जित कर शोभायात्रा रवाना हुई।
शोभायात्रा कोली मोहल्ला स्थित बाबा रामदेव मंदिर से नया बाजार, सदर बाजार होते हुए पिवणिया तालाब पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव के जयकारे लगाए। महिलाएं भजनों व धार्मिक गीतों पर चलती रहीं, वहीं बच्चे उत्साह के साथ नृत्य करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।
पिवणिया तालाब पहुंचने पर कोली समाज के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से बाबा रामदेव की प्रतिमा को जल से झुलाया। पंडित भगतराम ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती कराई। इस दौरान अच्छी वर्षा, क्षेत्र में खुशहाली तथा समाज के सभी परिवारों के सुख-समृद्धि की कामना की गई।
कोली समाज विकास संस्थान के अध्यक्ष नरेश कुमार कोली ने बताया कि समाज की ओर से प्रतिवर्ष जलझूलनी एकादशी पर बाबा रामदेव की जल पूजा की परंपरा निभाई जाती है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज की धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। जल पूजा के माध्यम से क्षेत्र में अच्छी वर्षा और सभी के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की जाती है।
आयोजन में कोली समाज के अध्यक्ष नरेश कुमार कोली, हाथकरघा समिति अध्यक्ष नाथूलाल कोली, सचिव नाथूलाल तलाया कोली, महेश कोली, रमेश कोली, सोहनलाल कोली, कैलाश कोली, रामप्रताप कोली, नोरत कोली, मिश्रीलाल कोली, गोपाल कोली, दौलत कोली, प्रेमचंद कोली, बंशीलाल कोली, बरदीचंद कोली, पुष्पेंद्र कोली, बबलू कोली, चांदमल कोली, सोहनलाल कोली और गणपत कोली सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।
शिव मंदिर में जलाभिषेक के साथ हुआ समापन
पिवणिया तालाब में धार्मिक अनुष्ठान के बाद शोभायात्रा वापस कोली मोहल्ला स्थित शिव मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर आरती की। इसके साथ ही जलझूलनी एकादशी के आयोजन का समापन हुआ। शिवशक्ति युवा मंडल की ओर से सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
रात्रि जागरण में भजनों से बांधा समां
जलझूलनी एकादशी से पूर्व बाबा रामदेव मंदिर पर रात्रि जागरण और भजन संध्या का आयोजन भी किया गया। इसमें कलाकार कैलाश कोली ने बाबा रामदेव के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और धार्मिक वातावरण बना रहा।