वाटर पार्क के बाहर से बुलेट चोरी, पीछा कर वारदात को दिया अंजाम; बेचने से पहले ही दो शातिर गिरफ्तार

वाटर पार्क के बाहर से बुलेट चोरी, पीछा कर वारदात को दिया अंजाम; बेचने से पहले ही दो शातिर गिरफ्तार

या

पहले किया पीछा, फिर मौका मिलते ही चुराई बुलेट; बेचने निकले दो शातिर चोर गिरफ्तार,कर्ज चुकाने के लिए चुनी अपराध की राह

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।पुर थाना पुलिस ने जून माह में नौगांवा स्थित वाटर पार्क के बाहर से चोरी हुई बुलेट बाइक की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की बुलेट को औने-पौने दाम में बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बुलेट के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।

पुर थाना पुलिस के अनुसार सांगानेरी गेट निवासी मोहम्मद आसिफ मेवाफरोश की बुलेट जून माह में नौगांवा वाटर पार्क के बाहर से चोरी हो गई थी। पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई जमनालाल पंवार को सौंपी गई।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपी एक बाइक पर सवार होकर चित्तौड़गढ़ हाईवे स्थित चैंपियन कार क्षेत्र से ही आसिफ का पीछा करते हुए नौगांवा वाटर पार्क तक पहुंचे। आसिफ के बुलेट खड़ी कर वाटर पार्क में प्रवेश करते ही आरोपियों ने मौका पाकर बुलेट चोरी कर ली और मुजराज-कपासन मार्ग से फरार हो गए।

पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बुलेट बेचने की फिराक में स्वरूपगंज क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुनील रैगर पुत्र मिश्रीलाल रैगर निवासी अरनिया माली, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ और छोटू पुत्र हुकमचंद माली निवासी खिड़की दरवाजा, छोटी सादड़ी, प्रतापगढ़ के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बुलेट चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने चोरी की बुलेट और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली। जांच में सामने आया कि इस्तेमाल की गई बाइक छोटू के भाई राहुल के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार आरोपी कभी हलवाई का काम तो कभी सब्जी बेचकर गुजारा करते थे, लेकिन कर्ज चुकाने के चक्कर में अपराध में उतर गए। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।