अनिल कुमार खींची
अजय शर्मा बोले—20 पार्षदों के साथ निभाएंगे मजबूत विपक्ष की भूमिका, चुनाव परिणामों का होगा मंथन
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद सभापति चुनाव में भाजपा के सभापति निर्वाचित होने के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने जनता का आभार जताते हुए नवनिर्वाचित सभापति एवं उपसभापति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनादेश का सम्मान करती है और अब नगर परिषद में मजबूत एवं जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएगी।अजय शर्मा ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस के 20 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि सभी 60 वार्डों में कांग्रेस को भाजपा से अधिक मत मिले हैं। कांग्रेस जनता के विश्वास को जनहित के संघर्ष के माध्यम से सार्थक करेगी।
उन्होंने कहा कि सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, कचरा प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को कांग्रेस पार्षद सदन में प्रमुखता से उठाएंगे। जनहित में जहां सहयोग की आवश्यकता होगी, वहां रचनात्मक सहयोग किया जाएगा, जबकि जनविरोधी निर्णयों और लापरवाही का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
सभापति चुनाव के घटनाक्रम पर शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा के विरुद्ध चुनाव जीतने वाले कुछ निर्दलीय एवं रालोपा समर्थित प्रतिनिधियों के भाजपा के पक्ष में जाने से जनता के जनादेश को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने धनबल और राजनीतिक दबाव के आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित प्रतिनिधियों को जनता के सवालों का जवाब देना होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव परिणामों का गंभीरता से मंथन करेगी तथा संगठनात्मक कमियों और रणनीतिक चूकों की समीक्षा की जाएगी। पार्टी लाइन के विरुद्ध कार्य करने वालों के संबंध में संगठनात्मक जांच कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
शर्मा ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद जनता के मुद्दे समाप्त नहीं होते। ब्यावर के विकास, नागरिक सुविधाओं और जनहित के प्रत्येक मुद्दे पर कांग्रेस जनता के साथ खड़ी रहेगी और नगर परिषद की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अपनी भूमिका निभाएगी।