फुटबॉल में मुकंदपुरा एवं हॉकी में सूरौठ की टीम बनी चैंपियन
सूरौठ। स्मार्ट हलचल|कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को समारोहपूर्वक समापन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न खेल स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले खेले गए और विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।
शारीरिक शिक्षा के व्याख्याता वीरेंद्र सिंह राजावत तथा वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक लोकेश मीना ने बताया कि फुटबॉल 19 वर्ष में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मुकंदपुरा एवं हॉकी में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सूरौठ की टीम चैंपियन रही। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूरौठ नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि कमलेश महावर थे तथा अध्यक्षता नगर पालिका बाइस चेयरमैन प्रतिनिधि रजनीश मीना ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शूटिंग बाल संघ के संरक्षक रामनिवास मीना, विश्राम मीना तथा पार्षद सतीश मीना उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रतियोगिता संयोजक सोहन सिंह मीणा, पर्यवेक्षक प्रमेन्द्र कुमार शर्मा एवं अतिथियों ने विजेता एवं उप विजेता टीमों के खिलाडियों को शील्ड एवं पुरस्कार सामग्री भेंट कर सम्मानित किया। मंच संचालन वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक भूपाल सिंह मीणा ने किया। प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य सोहन सिंह मीणा ने खेल परिणामों की घोषणा करते हुए बताया गया कि हॉकी प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सूरौठ प्रथम स्थान पर रहा जबकि रा.उ.मा.वि. मूंडिया द्वितीय तथा पीएम श्री रा.उ.मा स्कूल करौली तृतीय स्थान पर रहा।इसी तरह फुटबॉल (19 वर्ष) वर्ग में रा.उ.मा.वि. मुकुंदपुरा ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं रा.उ.मा.वि. खेड़ी ने द्वितीय तथा सूरौठ की टीम तीसरे स्थान पर रही। फुटबॉल (17 वर्ष) वर्ग में इंदिरा गांधी उच्च माध्यमिक स्कूल सूरौठ ने प्रथम स्थान हांसिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस वर्ग में एस एफ एस स्कूल कांचरोली द्वितीय तथा विवेकानंद उच्च माध्यमिक स्कूल सूरौठ तृतीय स्थान पर रहे। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महावर ने कहा कि हार और जीत खेल के हिस्से हैं। इसलिए खिलाड़ियों को पराजय से हताश नहीं होना चाहिए तथा खेल को खेल की भावना से खेलना चाहीए।