नगरफोर्ट में दिल दहला देने वाला हादसा: बाइक-जीप भिड़ंत में बुजुर्ग दंपती की मौत, एक ही चिता पर हुई अंतिम विदाई।

महेंद्र कुमार सैनी

स्मार्ट हलचल/नगरफोर्ट कस्बे के देवली रोड स्थित बीसलपुर पम्प हाउस मोड़ पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। थाना प्रभारी राजेन्द्र टाडा ने बताया कि मृतकों की पहचान पूर्व विद्युतकर्मी सोराम पुत्र केसरा राम माली (70) और उनकी पत्नी सोहनी देवी (65) निवासी नाहरा के रूप में हुई है। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे सोराम अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से अपने ससुराल रामसागर जा रहे थे। जैसे ही वे बीसलपुर पम्प हाउस मोड़ पर पहुंचे, सामने से घाड की तरफ से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि सोराम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सोहनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को उसी जीप में डालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरफोर्ट पहुंचाया। सीएचसी प्रभारी डॉ. राहुल आर्य ने बताया कि सोराम की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी, जबकि सोहनी देवी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई रिपोर्ट पेश नहीं की गई है।
सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा करने वाले इस दंपती की अंतिम यात्रा भी एक साथ ही पूरी हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों के साथ दोनों पति-पत्नी के शवों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया, जिसे देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं।