अवैध बजरी परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई:पूर्व सरपंच सहित छह गिरफ्तार,डंपर जब्त

मुकेश खटीक

भीलवाड़ा।जिले के सुवाणा कस्बे में अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगरोप के पूर्व सरपंच सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों पर अवैध खनन सामग्री के परिवहन के साथ ही राजकार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप है।पुलिस ने डंपर को जब्त कर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।सदर थानाधिकारी गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस को अवैध बजरी परिवहन की सूचना मिली थी।इस पर पुलिस टीम ने कोटा की ओर से आ रहे बजरी से भरे एक डंपर को रुकवाने का प्रयास किया,लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से भगा लिया।इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर डंपर को पकड़ लिया और मौके से डंपर को जब्त कर लिया।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डंपर मालिक और मंगरोप के पूर्व सरपंच रतन पुत्र नारायण गुर्जर (38) निवासी मंगरोप को गिरफ्तार किया साथ ही पप्पू पुत्र मोहनलाल सुथार (26) निवासी फलोदी,किशन सिंह उर्फ आदि सिंह पुत्र शिव सिंह राणावत (28) निवासी हासियास, प्रभु पुत्र भैरू भील (22) निवासी रीठ तथा एक 17 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा गया।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अवैध बजरी से भरे डंपर को रोकने पर राजकार्य में बाधा पहुंचाने की कोशिश की।इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता(बीएनएस)की धारा 281,125,132,303(2),61(2)तथा एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।वहीं पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और अवैध बजरी परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।