(महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा गणेश महोत्सव के समापन पर अनंत चतुर्दशी 25 सितंबर को गणपति बप्पा की विदाई धूमधाम से होगी। श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति के तत्वावधान में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गणपति प्रतिमाओं की शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। शाम 4:30 बजे सभी शोभायात्राएं राजेंद्र कुमार स्कूल पहुंचेंगी, जहां से सामूहिक रूप से विशाल शोभायात्रा रवाना होगी।
हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े और आकर्षक धार्मिक झांकियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहेंगी। रेलवे स्टेशन पर शाम 5:15 बजे संत-महामंडलेश्वर हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना करेंगे। इसके बाद जुलूस राजेंद्र मार्ग, मुरली विलास रोड, रेलवे स्टेशन, गोल प्याऊ चौराहा, महाराणा टॉकीज, सर्राफा बाजार और बड़ा मंदिर होते हुए तेजाजी चौक तालाब पहुंचेगा। मार्ग में विभिन्न संस्थाओं की ओर से पुष्पवर्षा की जाएगी।
तेजाजी चौक पर विशाल वटवृक्ष के नीचे सभी गणपति प्रतिमाओं को विराजित कर महाआरती की जाएगी। इसके बाद प्रतिमाओं का विसर्जन कॉइन हाउस-हरणी महादेव रोड और मानसरोवर झील पर बनाए गए विशाल कुंडों में किया जाएगा। कुंडों में शुद्ध जल के साथ गुलाब जल व गोमूत्र डालकर शुद्धिकरण की व्यवस्था रहेगी। घरों व प्रतिष्ठानों पर स्थापित छोटी गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था भी इन्हीं कुंडों में रहेगी।
रूट और व्यवस्थाओं पर मंथन: शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर सिटी कंट्रोल रूम में सीओ सिटी सज्जन सिंह के नेतृत्व में बैठक हुई। बैठक में भीमगंज थानाधिकारी सुनील चौधरी, गांधीनगर थानाधिकारी पुष्पा कसौटिया, प्रतापनगर थानाधिकारी सुनील ताड़ा और विशेष शाखा के दिलजीत सिंह मौजूद रहे। माणिक्यनगर, पटेलनगर, सीरकी मोहल्ला, भवानीनगर व जवाहरनगर सहित विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के कार्यकर्ताओं ने भी तैयारियों में भाग लिया। समिति अध्यक्ष उदयलाल समदानी ने बताया कि गणपति विसर्जन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।