ब्यावर में LPG का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

अनिल कुमार

कलेक्टर बोले- सिलेंडर की कालाबाजारी पर होगा सख्त एक्शन

स्मार्ट हलचल|ब्यावर में जिला कलेक्टर कमलराम मीणा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के समस्त गैस एजेंसी संचालकों की बैठक हुई। इस बैठक में जिले में LPG गैस की आमद, विक्रय, स्टॉक, बुकिंग और आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडर बुकिंग के अनुसार 2 से 3 दिन का बैकलॉग है। हालांकि, एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। गैस कंपनियों द्वारा भी नियमित और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जिससे जिले में किसी प्रकार की कमी नहीं है।

कलेक्टर ने एजेंसी संचालकों को पेट्रोलियम कंपनियों और राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के बाद ‘फर्स्ट इन फर्स्ट आउट’ (FIFO) के आधार पर प्राथमिकता से होम डिलीवरी की जाए। साथ ही, जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया शेष है, उसे शीघ्र पूर्ण करवाया जाए।

*विजिलेंस जांच दल रोकेगा कालाबाजारी*

मीणा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए और घरेलू गैस सिलेंडरों का वाणिज्यिक उपयोग भी प्रतिबंधित है।

उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडरों का भंडारण केवल निर्धारित गोदाम स्थल पर ही किया जाए। अन्य स्थानों पर भंडारण करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिले में गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी की रोकथाम के लिए एक विजिलेंस जांच दल का गठन किया जाएगा, जो समय-समय पर जांच करेगा। इसके अतिरिक्त, गैस एजेंसियों से प्रतिदिन स्टॉक की जानकारी भी ली जा रही है ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

*सिलेंडरों का भंडारण नहीं करने की अपील*

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिले में एलपीजी आपूर्ति सामान्य है, इसलिए आवश्यकतानुसार ही गैस बुकिंग करवाएं। अनावश्यक बुकिंग या सिलेंडरों का भंडारण नहीं करें। वर्तमान नियमों के अनुसार, एक सिलेंडर की आपूर्ति के 25 दिन बाद ही पुनः बुकिंग पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस बैठक में एडीएम ब्रह्मलाल जाट, जिला परिषद के सीईओ गोपाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र कुमार, जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक सहित जिले के सभी गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।