चंवलेश्वर पार्श्वनाथ में 28 सितंबर को मनेगा क्षमावणी पर्व

तीर्थ क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से जारी, धार्मिक अनुष्ठानों को दिया जा रहा अंतिम रूप

काछोला 24 सितम्बर – स्मार्ट हलचल|राजस्थान के लघु सम्मेद शिखर के नाम से विख्यात चंवलेश्वर पार्श्वनाथ देशनोदय दिगंबर जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र में 28 सितंबर को आस्था का मेला भरेगा। इस अवसर पर वार्षिक कलशाभिषेक, सामूहिक क्षमावणी पर्व तथा मुनि पुंगव सुधासागर के 44वें दीक्षा दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में भीलवाड़ा जिले सहित राजस्थान और अन्य राज्यों से जैन समाज के श्रद्धालु भाग लेंगे।
आयोजक चंवलेश्वर पार्श्वनाथ देशनोदय दिगंबर जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश कांसलीवाल एवं प्रवीण कुमार जैन ने बताया कि आयोजन आचार्य विद्यासागर के शिष्य निर्यापक श्रमण मुनि सुधासागर के आशीर्वाद से होगा। आयोजन को लेकर तीर्थ क्षेत्र वामा देवी महिला मंडल एवं नवयुवक मंडल द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
अमित गोधा ने बताया कि 28 सितंबर को दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। सुबह 9 बजे शांतिधारा के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद सुबह 11.15 बजे पार्श्वनाथ विधान का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1 बजे मुनि पुंगव सुधासागर के 44वें दीक्षा दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम होंगे। शाम 4.30 बजे मुख्य कार्यक्रम वार्षिक कलशाभिषेक आयोजित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीलवाड़ा शहर के प्रमुख स्थानों से चंवलेश्वर पार्श्वनाथ तीर्थ क्षेत्र तक निशुल्क बसों की व्यवस्था भी की गई है। तीर्थ क्षेत्र में आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है