कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत और सप्लाई संकट से परेशान रेस्टोरेंट संचालक, प्रशासन से लगाई गुहार

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // भीलवाड़ा में कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम और समय पर सप्लाई नहीं मिलने की समस्या का सीधा असर रेस्टोरेंट और होटल कारोबार पर देखने को मिल रहा है। इसके कारण शहर के रेस्टोरेंट संचालकों के व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
इसी को लेकर भीलवाड़ा फूड व्यापार मंडल के पदाधिकारी जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और जिला कलेक्टर व रसद विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रेस्टोरेंट संचालकों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने की मांग की गई है।
फूड व्यापार मंडल के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण व्यास ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम और समय पर सप्लाई नहीं मिलने की समस्या का सीधा असर रेस्टोरेंट और होटल कारोबार पर पड़ रहा है। रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडरों की अनुपलब्धता के कारण व्यवसाय बंद होने का खतरा मंडराने लगा है।
उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट में सैकड़ों स्टाफ सदस्य कार्यरत हैं, जिनका रोजगार इसी व्यवसाय पर निर्भर है। यदि रेस्टोरेंट और फूड कारोबार प्रभावित होता है तो इससे जुड़े व्यापारी, कर्मचारी और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हजारों लोगों के रोजगार पर संकट आ सकता है।
व्यास ने कहा कि पहले से ही व्यापारिक और वैश्विक मंदी के कारण उनकी आर्थिक स्थिति पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में गैस सिलेंडरों की कमी ने परेशानी और बढ़ा दी है।
इसलिए फूड व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर और रसद विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि रेस्टोरेंट संचालकों को प्रतिदिन गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि उनका व्यवसाय सुचारु रूप से संचालित हो सके।