कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दिया पोषण का संदेश!
तरकुलवा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में जुटीं महिलाएं,मातृ-शिशु स्वास्थ्य और स्वच्छता पर हुई चर्चा!*
(शीतल निर्भीक ब्यूरो)
देवरिया।स्मार्ट हलचल|जिले में सेवा संकल्प अभियान- 2026 एवं राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आज शुक्रवार को तरकुलवा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाल विकास परियोजना पथरदेवा, तरकुलवा एवं देसही देवरिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने महिलाओं और परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कृषि मंत्री ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं समुचित विकास के लिए पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को पौष्टिक आहार तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि केवल योजनाएं संचालित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचना भी जरूरी है। कुपोषण से बचाव के लिए परिवार और समाज की भागीदारी को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। माताओं से बच्चों के खानपान, साफ- सफाई और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली 20 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 20 आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में महिलाओं और अन्य लाभार्थियों को संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा बच्चों के समग्र विकास के बारे में जानकारी दी गई। बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को माताओं और परिवारों से सीधे जोड़ने के साथ पोषण अभियान में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही सहित पथरदेवा, तरकुलवा और देसही देवरिया के ब्लॉक प्रमुख, संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी तरकुलवा बेबी पांडेय,बाल विकास परियोजना अधिकारी पथरदेवा बिंदु यादव, बाल विकास परियोजना अधिकारी देसही बिंदु यादव, मुख्य सेविका तरकुलवा रजनी पांडेय, चांदनी दुबे, अंकित गुप्ता सहित सुपरवाइजर मौजूद रहे। आंगनबाड़ी कार्यकत्री संघ देवरिया की अध्यक्षा व हरपुर गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री नीरज पाण्डेय ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सराहनीय रहा। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और लाभार्थी महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से ही स्वस्थ समाज की नींव मजबूत होती है। ग्रामीण महिलाओं को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार अपनाने तथा सरकारी स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का नियमित लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का संदेश प्रमुखता से दिया गया। अंत में उपस्थित लोगों ने स्वस्थ परिवार और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।