नीरज मीणा
महवा।स्मार्ट हलचल/ महवा कस्बे में सुचारु यातायात एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और सड़क पर अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस द्वारा बैठक आयोजित कर वाहन चालकों और ठेला संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सागर राणा के निर्देशन में तथा राहुल प्रकाश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वृत्ताधिकारी मनोहर लाल मीणा के सुपरविजन और थानाधिकारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्राइवेट बस-जीप चालक, परिचालक व वाहन स्वामियों की बैठक ली गई।
बैठक में वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, बस-जीप को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करने तथा सड़क पर अव्यवस्था नहीं फैलाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आमजन की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था सुचारु रखना सभी की जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही कस्बे की मुख्य बाजार सड़कों पर सब्जी, फल, चाट और आइसक्रीम के ठेले लगाने वाले विक्रेताओं को भी चेतावनी देते हुए अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि सड़क पर अतिक्रमण या यातायात बाधित करने की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने सभी से कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों के साथ सद्व्यवहार करने की अपील भी की।
