अधिवक्ताओं की बैठक में सुलह-समझौते से प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर हुआ मंथन
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल |आगामी 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर वाहन दुर्घटना दावा प्रकरणों (MACT) के अधिकाधिक निस्तारण को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ब्यावर की ओर से शुक्रवार को अधिवक्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिला न्यायाधीश संख्या-3 विजय प्रकाश सोनी, अपर जिला न्यायाधीश संख्या-2 गिरिजा भारद्वाज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनल पारीख उपस्थित रहीं।बैठक में लंबित MACT प्रकरणों में पक्षकारों के बीच आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवक्ताओं से पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से मामलों के शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण के लिए प्रेरित करने तथा बीमा कंपनियों एवं संबंधित पक्षकारों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने का आग्रह किया गया।
इस दौरान Mediation 3.0 के तहत मध्यस्थता की भूमिका पर भी चर्चा हुई। अधिवक्ताओं को पक्षकारों को मध्यस्थता प्रक्रिया के लाभों से अवगत कराने और विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए बैठक में मुद्रित कपड़े की थैलियों का विमोचन भी किया गया। अधिवक्ताओं को थैलियां वितरित कर लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग का आग्रह किया गया। साथ ही इनके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के कम उपयोग का संदेश भी दिया गया।
बैठक में अधिवक्ता ललित सटाक, टीकम सिंह चौहान, मुकेश दवे, बालकिशन गोठवाल, लक्ष्मीकांत व्यास, धर्मेन्द्र शर्मा, संतोष अग्रवाल, महेन्द्र कुमावत, भरत शिवनानी, जय प्रकाश जांगिड़, सुनील चौहान, शक्ति सिंह चौहान, नोरत पुरी गोस्वामी, प्रकाश कुमावत सहित अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अधिवक्ताओं एवं संबंधित पक्षकारों से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक प्रकरणों का सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण कराने में सहयोग की अपील की।