बायतु में मार्च में ही तपिश बढ़ी: 37 डिग्री तापमान के साथ तेज धूप व लू ने बढ़ाई गर्मी

 

बायतु/। बायतु क्षेत्र में गुरुवार को मौसम ने अचानक गर्म तेवर दिखाए। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को कड़ी गर्मी का सामना करना पड़ा। गुरुवार को अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन दोपहर के समय तेज धूप और गर्म लू के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई।
दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर चहल-पहल कम नजर आई। तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्म हवाओं का असर साफ दिखाई दिया और लोग छांव का सहारा लेते नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्च महीने में ही इस तरह की गर्मी पड़ना असामान्य लग रहा है। दोपहर के समय चल रही गर्म लू के कारण घरों के अंदर भी गर्मी का असर महसूस हुआ और ठंडी हवा का अभाव रहा।
कृषि कार्य करने वाले किसानों और मजदूरों को भी तेज गर्मी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लोग सिर पर कपड़ा या साफा बांधकर गर्मी से बचाव करते दिखाई दिए।
मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए चिकित्सकों ने भी लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर नहीं निकलने तथा पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। यदि इसी तरह तापमान में बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक तेज होने की संभावना जताई जा रही है।