काछोला 27 सितम्बर – स्मार्ट हलचल|राजस्थान के लघु सम्मेद शिखर श्री चंवलेश्वर पार्श्वनाथ देशनोदय दिगंबर जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र, चैनपुरा में आसोज बुदी दोज, सोमवार 28 सितंबर को भव्य वार्षिक कलशाभिषेक मेले का आयोजन होगा। संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य जगत पूज्य निर्यापक श्रमण मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के आशीर्वाद से आयोजित इस धार्मिक आयोजन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से जैन समाज के श्रद्धालु शामिल होंगे।
इस अवसर पर 44वां दीक्षा दिवस समारोह एवं सामूहिक क्षमावणी पर्व भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर श्री चंवलेश्वर पार्श्वनाथ देशनोदय दिगंबर जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र कमेटी, वामा देवी महिला मंडल एवं नवयुवक मंडल द्वारा शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश कासलीवाल ने बताया कि विधानाचार्य पंडित राकेश जैन रत्नाकर, इंदौर एवं विपिन शास्त्री के निर्देशन में विभिन्न धार्मिक एवं मांगलिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे शांतिधारा से होगी। इसके बाद सुबह 11:15 बजे श्री पार्श्वनाथ विधान, दोपहर 1 बजे दीक्षा दिवस समारोह तथा शाम 4:30 बजे वार्षिक कलशाभिषेक होगा। इसके पश्चात सामूहिक क्षमावणी एवं स्नेहभोज का आयोजन किया जाएगा।
समारोह में जयपुर के संगीतकार नरेंद्र जैन भगवान के भजनों की संगीतमय प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, भाजपा कोटा जिलाध्यक्ष राकेश मडिया तथा पंचायत समिति मांडलगढ़ के प्रधान जितेंद्र मूंदड़ा सहित जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के लाभार्थियों में लाभचंद-निर्मला देवी तथा देवेंद्र-श्रेया अजमेरा, महुआ शामिल हैं। आयोजन श्री चंवलेश्वर पार्श्वनाथ देशनोदय दिगंबर जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र कमेटी, चैनपुरा, वामा देवी महिला मंडल एवं नवयुवक मंडल के तत्वावधान में होगा।