अरवड़@- स्मार्ट हलचल|नई अरवड़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 17/19 वर्ष छात्र कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। प्रतियोगिता 24 से 27 सितंबर तक आयोजित की गई, जिसमें जिलेभर की ब्लॉक विजेता एवं चयनित 24 टीमों के 257 खिलाड़ियों ने भाग लिया। विभागीय प्रतिनिधि एवं कादिसहना विद्यालय के प्रधानाचार्य धारा सिंह मीणा ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से तकनीकी सलाहकार, निर्णायक दल एवं अतिथियों का स्वागत किया गया। शारीरिक शिक्षक एवं प्रतियोगिता के आयोजक केसर सिंह चौहान ने बताया कि 19 वर्ष ए वर्ग में ढिकोला विजेता तथा आरजिया उपविजेता रही। आसींद तीसरे और बिजौलिया चौथे स्थान पर रहा। 19 वर्ष बी वर्ग में शाहपुरा-बनेड़ा विजेता तथा आसींद-करेड़ा-हुरड़ा उपविजेता रही। इसी प्रकार 17 वर्ष ए वर्ग में ककरोलिया घाटी विजेता तथा थलकला उपविजेता रही। महुआ खुर्द तीसरे और आसींद चौथे स्थान पर रहा। 17 वर्ष बी वर्ग में जहाजपुर-कोटड़ी विजेता तथा मांडल-सुवाणा उपविजेता रही। अध्यापक राजेश बैरवा ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र खिलाड़ी प्रदीप कीर का 17 वर्ष आयु वर्ग की कबड्डी राज्य स्तरीय टीम में चयन हुआ है। इससे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। समापन समारोह में सभी टीमों के खिलाड़ी, निर्णायक दल, विद्यालय स्टाफ, शिक्षक एवं गांव के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।