जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में टोंक के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन-शह और मात के खेल में टोंक के नन्हें शातिरों का जलवा,

 

* अंडर-17 में सिद्धार्थ जैन लगातार चौथी बार चैंपियन, अंडर-14 में देवांश सिंह ने जीता खिताब; दोनों का राज्य स्तर पर चयन

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल| जिले में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में टोंक शहर के नन्हें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अंडर-17 वर्ग में सिद्धार्थ जैन ने लगातार चौथी बार चैंपियन बनकर खिताब अपने नाम किया, वहीं अंडर-14 वर्ग में पहली बार हिस्सा लेने वाले देवांश सिंह ने अपराजित रहते हुए चैंपियनशिप जीती। दोनों खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
*सिद्धार्थ लगातार चौथी बार बने चैंपियन*
निवाई उपखंड के गुंसी ग्राम स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के अंडर-17 छात्र वर्ग में टोंक के सिद्धार्थ जैन ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 56 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और मुकाबले सात राउंड में संपन्न हुए।
चेस कोच सुरेश बुंदेल ने बताया कि कक्षा 9 में अध्ययनरत 14 वर्षीय सिद्धार्थ जैन ने लगातार चौथी बार जिला स्तरीय चैंपियनशिप अपने नाम की है। सिद्धार्थ का अंडर-17 छात्र वर्ग में राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है। कोच के अनुसार सिद्धार्थ इंटरनेशनल चेस स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहा है और आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की तैयारी कर रहा है। सिद्धार्थ प्रसिद्ध गायक एवं शिक्षक मनोज कुमार जैन के पुत्र हैं। शतरंज के अलावा उनकी रुचि संगीत, चित्रकला, कैरम बोर्ड और बैडमिंटन में भी है।
*देवांश सिंह पहली बार में बने चैंपियन*
मालपुरा शहर स्थित आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के अंडर-14 छात्र वर्ग में टोंक के देवांश सिंह ने चैंपियनशिप हासिल की। कक्षा 8 में अध्ययनरत 13 वर्षीय देवांश ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया। प्रतियोगिता में 71 खिलाड़ियों ने भाग लिया और मुकाबले छह राउंड में खेले गए। शानदार प्रदर्शन के आधार पर देवांश का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष देवांश अंडर-17 वर्ग में उपविजेता रहे थे और उनका राज्य स्तर पर भी चयन हुआ था। देवांश के छोटे भाई 8 वर्षीय युवराज सिंह, जो कक्षा 3 में अध्ययनरत हैं, ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह में से चार मुकाबले जीते और 13वीं रैंक हासिल की। चैंपियन सिद्धार्थ जैन एवं देवांश सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, माता-पिता एवं चाचा को दिया। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और शहरवासियों ने खुशी जताते हुए राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।