जहाजपुर पालिका की पहली सभा में गूंजा शहर के विकास का एजेंडा, पार्षदों ने खोली समस्याओं की पोटली

सफाई, बिजली-पानी से लेकर आवारा गोवंश, सीसीटीवी, एम्बुलेंस और बजरी तक के मुद्दे उठे; त्योहारों से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर जोर

जहाजपुर अलकेश पारीक

जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका बोर्ड के गठन के बाद पहली साधारण सभा की बैठक सोमवार को विधायक गोपीचंद मीणा एवं पालिका अध्यक्ष अलकेश वैष्णव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, साफ-सफाई, बिजली-पानी, नालियों, रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने खुलकर अपनी बात रखी। पहली ही बैठक में पार्षदों ने वार्डों की जमीनी समस्याओं को सामने रखते हुए पालिका प्रशासन से उनके शीघ्र समाधान की मांग की।विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि नए पालिका बोर्ड के सामने जहाजपुर के विकास को नई गति देने की बड़ी जिम्मेदारी है। शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्वच्छता व्यवस्था, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल कागजों और घोषणाओं तक सीमित नहीं रहें, बल्कि उनका असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

पालिका अध्यक्ष अलकेश वैष्णव ने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य शहर के सभी 25 वार्डों में बिना भेदभाव विकास कार्य करवाना और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सभी पार्षदों के सहयोग से शहर की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष ने नगर पालिका के लिए टैक्सी वाहन खरीदने का प्रस्ताव भी रखा।

बैठक में पार्षदों ने उठाए ये प्रमुख मुद्दे

नमो उद्यान के ओपन जिम का सामान वापस लगाने की मांग
पार्षद प्रमोद देवी शर्मा ने नमो उद्यान में पूर्व में लगाए गए ओपन जिम के सामान को वापस स्थापित करवाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पार्क में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ शहरवासियों को मिलना चाहिए।

घायल गोवंश के लिए एम्बुलेंस और शहर में सीसीटीवी की मांग
पार्षद प्रवीण खटीक ने घायल गोवंश को उपचार के लिए पहुंचाने के लिए नगर पालिका स्तर पर एम्बुलेंस खरीदने तथा शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी।

आवारा गोवंश और सस्ती बजरी का मुद्दा गरमाया
पार्षद राधेश्याम बारेठ ने शहर में आवारा गोवंश से आमजन को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाते हुए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने राज्य सरकार को लिखित रूप से अवगत करवाकर नगरवासियों को सस्ती दर पर बजरी उपलब्ध करवाने का मुद्दा भी रखा। उन्होंने कहा कि बजरी की उपलब्धता नहीं होने से आमजन को निर्माण कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कच्ची नालियों से मकानों को नुकसान का मामला
पार्षद तबस्सुम बी ने वार्ड में कच्ची नालियों की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि नालियों का पानी मकानों की नींव तक पहुंचने से भवनों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कच्ची नालियों को हटाकर पक्की नालियों का निर्माण करवाने की मांग की।

नो चौक और बस स्टैंड बावड़ी क्षेत्र में सफाई की मांग
पार्षद योगेश चंद्र पत्रिया ने नो चौक एवं बस स्टैंड स्थित बावड़ी के बालाजी मंदिर के आसपास कचरा जमा नहीं होने देने की मांग रखी। उन्होंने पालिका कर्मचारियों के साथ आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाने और कचरा फैलाने वालों को पाबंद करने की बात कही।

25 वार्डों में समान विकास पर जोर
पार्षद अरविंद भुवालिया ने कहा कि नगर पालिका के सभी 25 वार्डों में साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि नया बोर्ड आमजन की सुविधाओं पर खरा उतरेगा और विकास के साथ शहर के सौंदर्यीकरण पर भी काम किया जाएगा।

सोलर लाइट और गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग
पार्षद सानिया खानम ने कस्बे में सोलर ऊर्जा आधारित लाइटें लगाने की मांग रखी। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ पालिका स्तर पर कार्रवाई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता जताई।

त्योहारों से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर जोर

बैठक में आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे करने पर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में सफाई और प्रकाश व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।

पहली साधारण सभा में सामने आए मुद्दों से साफ है कि नए पालिका बोर्ड के सामने सबसे बड़ी चुनौती शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत करने की है। अब देखना होगा कि बैठक में उठे मुद्दे प्रस्तावों और चर्चाओं से आगे बढ़कर धरातल पर कब दिखाई देते हैं।