खेल मैदान में बापूनगर की बेटियों का परचम

 

बॉक्सिंग में अंडर-17 जनरल चैम्पियन, अंडर-19 में रनरअप; 20 छात्राओं का राज्य स्तर पर चयन

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापूनगर की छात्राओं ने 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर विद्यालय की 20 छात्राओं का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है।बॉक्सिंग में विद्यालय ने विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए अंडर-17 वर्ग में जनरल चैम्पियनशिप अपने नाम की, जबकि अंडर-19 वर्ग में रनरअप का खिताब हासिल किया। छात्राओं के इस प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।

राज्य स्तर के लिए चयनित 20 छात्राओं में नेटबॉल की 9, बॉक्सिंग की 6, अंडर-17 क्रिकेट की 3, जिम्नास्टिक की 1 तथा कुश्ती की 1 छात्रा शामिल हैं। चयनित खिलाड़ी अब राज्य के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में भीलवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

विद्यालय की संस्था प्रधान सुनीता नानकानी एवं समस्त स्टाफ ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिसर में प्रतिभावान छात्राओं का माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

खिलाड़ियों को तैयार करने में योगदान देने वाले कोच लक्ष्मण सिंह राठौड़, पुष्पा अग्रवाल एवं सुधा जाट का भी विद्यालय परिवार की ओर से सम्मान किया गया।

विद्यालय की बेटियों की यह सफलता इस बात का संदेश है कि उचित अवसर, मार्गदर्शन और मेहनत मिले तो बेटियां खेल के मैदान में भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।