युवक की मौत के मामले में 10-10 हजार के ईनामी तीन आरोपियों को पुलिस ने रणथंभौर से किया गिरफ्तार

सूरौठ। स्मार्ट हलचल|भुकरावली गांव में जमीन विवाद में हुए झगड़े में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को सवाईमाधोपुर रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान से गिरफ्तार किया है। इन पर एसपी की ओर से 10-10 हजार का ईनाम घोषित किया गया था। इस मामले में पूर्व में आरोपी हरिराम मीना को भटिंडा से गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
एएसपी सत्येन्द्र पाल सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि भुकरावली गांव के युवक की मौत के मामले में फरार चल रहे विकास मीना, नीरज मीना व भोजा उर्फ भोजराज निवासी भुकरावली की लोकेशन सवाईमाधोपुर के रणथंभाैर राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में देखी गई है। जिस पर पुलिस की टीम ने दो दिनों तक निगरानी रखी और 30 किलोमीटर तक पैदल चलकर आरोपियों की तलाश की, जिन्हें गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी गिरफ्तारी में साहब सिंह व साइबर सैल टीम करौली की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम में आरपीएस श्रेष्ठ दीक्षित, पुलिस निरीक्षक सोहन सिंह, महेश, साहब सिंह, नरेन्द्र सिंह, भगवान सिंह, भरतलाल, पुष्पेन्द्र सिंह, जगमोहन, रामसहाय, राकेश, विनोद, पुष्पेन्द्र, रामराज, अजय सिंह, विजय व नीरज शामिल रहे।