बानसूर। क्षेत्र के ग्राम ढाकला और डाबरिया सहित आसपास की कई ढाणियों को पंचायत समिति मुख्यालय बानसूर से जोड़ने वाली सड़क इन दिनों बेहद जर्जर हालत में है। ढाकला मोड़ से बानसूर तक का यह मार्ग जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी दिखाई देती है, जिससे वाहन चालकों को रास्ता पहचानना भी मुश्किल हो जाता है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, मरीज, किसान और दिहाड़ी मजदूर प्रतिदिन आवागमन करते हैं, लेकिन कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण उनका सफर जोखिम भरा हो गया है।
खराब सड़क के कारण कई बार वाहन फंस जाते हैं या फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क की मरम्मत कर आमजन को राहत पहुंचाने की मांग करी है।
