भाजपा सावा मंडल की बैठक से सैकड़ों कार्यकर्ता नाराज होकर रवाना, पार्टी के प्रति भारी रोष

ओम जैन

शंभूपुरा। स्मार्ट हलचल|भाजपा सावा मंडल की आगामी चुनावों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब सैकड़ों कार्यकर्ता बैठक छोड़कर नाराज होकर रवाना हो गए। यह नजारा सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और जिलाध्यक्ष रतन गाडरी की मौजूदगी में ही देखने को मिला, जिससे संगठन में भारी रोष का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शंभूपुरा स्थित शनिदेव मन्दिर पर सावा मंडल की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक मंडल की थी, लेकिन खाने की व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह ने अजय चौधरी की तरफ से खाने की घोषणा की, जिसके बाद हंगामे की स्थिति बन गई।

नाम सुनते ही कुर्सियां खाली

जैसे ही अजय चौधरी के नाम से खाने की घोषणा हुई, बैठक में मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ता अपनी कुर्सियां छोड़कर उठ खड़े हुए और नाराज होते हुए बैठक स्थल से रवाना हो गए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि “बैठक मंडल की है तो खाना व्यक्ति विशेष का कैसे?”
नाराज कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपनी भड़ास निकाली। कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्या पार्टी पदाधिकारी ओर जनप्रतिनिधि चुनावी समय में व्यक्ति विशेष का प्रचार करने आए हैं? यह पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ है। मंडल की बैठक में व्यक्तिगत प्रचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष

इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से जमीनी कार्यकर्ता का मनोबल टूटता है। इसका खामियाजा आने वाले चुनाव में पार्टी को उठाना पड़ सकता है।
बैठक में सांसद, विधायक और जिलाध्यक्ष मौजूद थे, लेकिन उनके सामने ही कार्यकर्ताओं के जाने से संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर सावा मंडल के कार्यकर्ताओं में तरह-तरह की चर्चाएं जोरों पर हैं, जिससे कही ना कही आने वाले चुनावों में पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।