बानसूर। क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला शिक्षिका की मौत हो गई। हादसा अलवर रोड पर भूपसेड़ा के पास भगता की ढाणी के नजदीक सुबह करीब 5 बजे हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी। मृतका की पहचान रीना चौधरी निवासी कल्याण नगर (लाडपुर) के रूप में हुई है। वह दिल्ली के केंद्रीय विद्यालय में शिक्षिका थीं। जानकारी के अनुसार रीना गुरुवार सुबह अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर बानसूर जा रही थीं, जहां से उन्हें दिल्ली ड्यूटी के लिए निकलना था। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और निशुल्क रोटी बैंक एम्बुलेंस की मदद से उन्हें बानसूर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
