क्रैक बिजली पोल की चपेट में आने से दूधारू भैंस की मौत

नरेश कुरेडा)

दो साल से क्षतिग्रस्त था पोल, शिकायतों के बावजूद नहीं बदला; स्कूल और आबादी क्षेत्र के पास हादसे से ग्रामीणों में रोष

पीपलू। स्मार्ट हलचल|लोहवाड़ा ग्राम पंचायत के गांव अब्बास नगर खास उर्फ बाजपुरा में स्कूल के पास लगा बिजली का पोल लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के बावजूद नहीं बदले जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार करीब दो साल से पोल में क्रैक था और इस संबंध में लाइनमैन व बिजली विभाग के कर्मचारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन पोल को नहीं बदला गया।मंगलवार को इसी क्षतिग्रस्त पोल से करंट की चपेट में आने से मोहनलाल गुर्जर की दूधारू भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली।

ग्रामीणों का कहना है कि क्रैक पोल के आसपास स्कूल और आबादी क्षेत्र स्थित है, जहां बच्चे और ग्रामीण लगातार आवागमन करते हैं। समय रहते पोल नहीं बदला गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से क्षतिग्रस्त पोल को तत्काल बदलने और घटना की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों शंकरलाल, मुकेश, देशराज व बन्नालाल ने बताया कि विभाग को पहले भी पोल की स्थिति से अवगत कराया जा चुका था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों का सवाल: जब विभाग को करीब दो साल से पोल के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी थी, तो उसे समय रहते क्यों नहीं बदला गया?