(पंकज पोरवाल)
डोटासरा के निर्देश पर जुटे कांग्रेसजन, गांधी भवन से कलेक्ट्रेट तक निकाली विरोध रैली, नारेबाजी के बीच बड़ी संख्या में कांग्रेसजन हुए शामिल
भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल|लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को भीलवाड़ा में कांग्रेस ने विरोध-प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन में शहर कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। गांधी भवन से कलेक्ट्रेट तक निकले मार्च में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी बात रखी कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से हुई। यहां एकत्र कांग्रेसजन मार्च के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। कांग्रेस के निर्धारित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतला दहन का कार्यक्रम भी शामिल था। जिला कांग्रेस कमेटी, भीलवाड़ा शहर के अध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक के आह्वान पर विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांधी भवन पहुंचे। खटीक ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाता अधिकारों से जुड़े विषयों पर कांग्रेस लगातार अपनी बात रखती रही है। उन्होंने संगठन को मजबूत करते हुए इन मुद्दों पर एकजुट रहने का आह्वान किया। एडवोकेट कुणाल ओझा ने बताया कि प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वार्ड अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, ब्लॉक अध्यक्ष, पीसीसी सदस्य और विभिन्न प्रकोष्ठों व विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन में धर्मेंद्र पारीक, अनिल राठी, मोहम्मद हारून रंगरेज, पार्षद सत्यवीर सिंह राठौड़, पार्षद योगेश सोनी, पार्षद निसार सिलावट, शंकरलाल शर्मा, राजकुमार माली, आशा सेन, निर्मला जैन, दीपका माया सहित विधायक प्रत्याशी, पीसीसी सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, प्रकोष्ठ एवं विभागों के अध्यक्ष-पदाधिकारी, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में शिवराम जीपी खटीक ने सभी कांग्रेसजनों का आभार जताया।