टोंक में 6 घंटे चली मैराथन अपराध समीक्षा बैठक, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

भरत देवड़वाल

टोंक। स्मार्ट हलचल|मंगलवार को पुलिस लाईन टोंक के मीटिंग हॉल में पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीना की अध्यक्षता में 06 घंटे की मैराथन अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृताधिकारी तथा थानाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में कानून-व्यवस्था, पेंडिंग प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, साइबर अपराध, अवैध जुआ-सट्टा, बजरी खनन, मादक पदार्थ, महिला-बाल एवं यौन अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

*बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश -*

*1. कानून-व्यवस्था एवं लम्बित प्रकरण -* जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा पुराने लम्बित मामलों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

*2. महिला, बाल एवं यौन अपराध -* ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई, पीड़ित को सहायता तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

*3. अवैध बजरी खनन/परिवहन -* संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर नियमित गश्त, चैकिंग तथा संबंधित विभागों से समन्वय कर कार्रवाई के निर्देश।

*4. साइबर अपराध व जुआ-सट्टा -* बढ़ते साइबर फ्रॉड पर तत्काल संज्ञान लेकर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तथा अवैध जुआ-सट्टा संचालित करने वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश।

*5. ई-सम्मन/ई-वारंट -* न्यायालय से प्राप्त सम्मन-वारंट की समय पर तामील कर रिपोर्ट न्यायालय में भेजने के निर्देश।

*6. संगठित अपराध व वांछित अपराधी -* संगठित अपराधियों के नेटवर्क पर निगरानी तथा वांछित आरोपियों की धरपकड़ हेतु विशेष टीमें बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

*7. अवैध मादक पदार्थ -* नशा मुक्त टोंक अभियान ऑपरेशन संकल्प के तहत नशे के सौदागरों के विरुद्ध कार्रवाई तथा तस्करी से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर कार्रवाई के निर्देश।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी मॉनिटरिंग बनाए रखने के निर्देश दिए।