कमला नेहरू नगर से सिरसी रोड तक सेक्टर रोड निर्माण की मांग, जेडीए अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर-स्मार्ट हलचल|कमला नेहरू नगर, हिम्मत विहार कॉलोनी एवं हीरा पूरा बस स्टैंड क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सड़क, सीवरेज, ड्रेनेज और पानी की लाइन की समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने एक बार फिर जयपुर विकास प्राधिकरण प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री की जनसुनवाई में शिकायत एवं ज्ञापन देने के बाद नगर निगम की ओर से कॉलोनी में फॉगिंग करवाई गई, जिससे मच्छर-मक्खियों से कुछ राहत मिली है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कमला नेहरू नगर, हिम्मत विहार कॉलोनी से हीरा पूरा बस स्टैंड होते हुए सिरसी रोड तक सेक्टर रोड निर्माण का कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। उनका कहना है कि सड़क के लिए टेंडर स्वीकृत होने की जानकारी के बावजूद मौके पर निर्माण कार्य दिखाई नहीं दे रहा है। इसी तरह सीवरेज, ड्रेनेज और पेयजल लाइन डालने का काम भी अभी शुरू नहीं होने से क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में राव मांग सिंह चंदावत, महिमा वेलेंटिना एवं विकास समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह तंवर की ओर से जेडीए प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन जेडीए के डायरेक्टर अजय कुमार गर्ग, उपायुक्त, जोन-7 के तहसीलदार धारा सिंह मीणा एवं अधिशासी अभियंता निशांत अग्रवाल को दिया गया।
स्थानीय प्रतिनिधियों ने कहा कि जेडीए प्रशासन की ओर से कई बार मौके का निरीक्षण किया गया, लेकिन निरीक्षण के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि केवल मौका देखकर लौटने के बजाय सड़क, सीवरेज, ड्रेनेज और पानी की लाइनों के कार्य को धरातल पर शुरू कराया जाए।
राव मांग सिंह चंदावत ने बताया कि अधिकारियों की ओर से जनहित में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो अगली बार जेडीए प्रमुख सिद्धार्थ महाराज श्री के समक्ष ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जेडीए प्रशासन का ध्यान क्षेत्र की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में जलभराव, गंदगी और मच्छरों की समस्या को देखते हुए फॉगिंग की मांग भी की गई थी। मुख्यमंत्री की जनसुनवाई में शिकायत दर्ज होने के बाद नगर निगम द्वारा फॉगिंग करवाई गई है। हालांकि लोगों का कहना है कि फॉगिंग से तत्काल राहत मिल सकती है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए सड़क, ड्रेनेज, सीवरेज और पानी की लाइनों का निर्माण जरूरी है।
जेडीए के स्तर पर शहर में सड़क एवं ड्रेनेज से जुड़े विकास कार्यों को लेकर पूर्व में भी दिशा-निर्देश जारी किए जाते रहे हैं।