रुपाहेली विद्यालय को मिला ₹1 लाख का सहयोग, टीनशेड एवं हाइजीनिक टॉयलेट निर्माण होंगे

रुपाहेली।स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रुपाहेली (ब्लॉक सुवाणा) के विकास कार्यों हेतु गांव के युवा व्यवसायी एवं भामाशाह श्री कैलाश जाट पुत्र महादेव जाट द्वारा ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) का सहयोग प्रदान किया गया। विद्यालय परिवार ने उनके इस सराहनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।विद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग विद्यालय में आवश्यक विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। इस राशि से विद्यार्थियों के लिए टीनशेड निर्माण, बैठने एवं छाया की बेहतर व्यवस्था तथा छात्राओं एवं महिला शिक्षिकाओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हाइजीनिक गर्ल्स टॉयलेट के विकास एवं उन्नयन जैसे कार्य कराए जाएंगे।इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामवासियों ने कहा कि भामाशाहों के सहयोग से विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होता है तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होता है। श्री कैलाश जाट ने शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को समाज की उन्नति का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए भविष्य में भी विद्यालय के विकास में योगदान देने की बात कही।

विद्यालय परिवार ने श्री कैलाश जाट का अभिनंदन कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।