सेवा सेतु शिविरों में 1925 लाभार्थियों के काम निपटाए

सेवा सेतु शिविरों में 1925 लाभार्थियों के काम निपटाए
450 आधार सीडिंग, 225 ई-केवाईसी और 1250 LPG ID मैपिंग का कार्य पूरा

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार ब्यावर जिले में 28 से 30 सितंबर तक पंचायत समिति सभागार स्तर पर आयोजित सेवा सेतु शिविरों में विभिन्न विभागीय कार्यों का प्रभावी ढंग से निस्तारण किया गया। जिला रसद अधिकारी हेमंत आर्य के निर्देशन में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में NFSA लाभार्थियों को सेवाओं का लाभ मिला।शिविर अवधि में कुल 450 लाभार्थियों की आधार सीडिंग, 225 लाभार्थियों की ई-केवाईसी तथा 1250 लाभार्थी परिवारों की LPG ID मैपिंग का कार्य पूरा किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) एवं वन नेशन वन राशन कार्ड (ONORC) योजना का प्रचार-प्रसार किया गया।

शिविरों के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) से संबंधित लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने के साथ ही CPGRAMS एवं विभागीय पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण समाधान किया गया। ब्यावर, जवाजा, मसूदा, बदनौर, जैतारण एवं रायपुर उपखंडों में विभागीय गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए प्रवर्तन अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों की तैनाती की गई थी।

शिविर समापन के बाद जिला रसद अधिकारी हेमंत आर्य ने जिले के समस्त उचित मूल्य दुकानदारों को विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन वितरण, ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग जैसे जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता के साथ करने पर जोर दिया।