उदयपुर की पलक गुर्जर ने अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल में दिखाया दमखम

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिला टीम इंडिया ट्रायल का अवसर, देश के लिए पदक जीतने का लक्ष्य

उदयपुर,1 अक्टूबर ।स्मार्ट हलचल।लेकसिटी की प्रतिभावान खिलाड़ी पलक गुर्जर ने मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित सेंट नोबर्ट स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की पिट्ठू गेम प्रतियोगिता एवं अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पलक का चयन टीम इंडिया के अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए किया गया, जहां उन्होंने देशभर से चयनित श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।आगामी महीनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पिट्ठू गेम की कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं। इन प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय टीम के गठन के उद्देश्य से देशभर के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। राजस्थान राज्य टीम की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के चलते पलक गुर्जर को इन महत्वपूर्ण चयन ट्रायल में स्थान मिला।

पलक गुर्जर ने बताया कि भारतीय टीम में स्थान बनाना उनका अगला लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि चयन ट्रायल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए वे पूरी मेहनत और तैयारी के साथ मैदान में उतरी हैं। उनका सपना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत के लिए पदक जीतना है।

*राष्ट्रीय स्तर पर पहले भी कर चुकी हैं शानदार प्रदर्शन*

पलक गुर्जर इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया है। निरंतर बेहतर प्रदर्शन के चलते अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम के चयन ट्रायल में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।

पलक के अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल में शामिल होने से उनके परिवार, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में उत्साह है। उम्मीद है कि वह अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर भारतीय टीम में स्थान बनाकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और राजस्थान का नाम रोशन करेंगी।