102 और 103 साल की उम्र में भी लोकतंत्र की पहचान बनीं शतायु मतदाता

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर राधा देवी और सोदरा देवी का सम्मान, अधिकारियों ने शुभकामनाएं देकर ओढ़ाई अपर्णा

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल।अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र शाहपुरा-181 में शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया। निर्वाचन विभाग की ओर से 100 वर्ष या इससे अधिक आयु के मतदाताओं को सम्मानित कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गई।
इस अवसर पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र शाहपुरा-181 के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी शाहपुरा ने भाग संख्या 162 की शतायु मतदाता श्रीमती राधा देवी पत्नी गणेशलाल, उम्र 102 वर्ष को शुभकामना पत्र प्रदान कर एवं अपर्णा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इसी क्रम में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार शाहपुरा ने भाग संख्या 161 की मतदाता श्रीमती सोदरा देवी पत्नी गौरीशंकर, उम्र 103 वर्ष का सम्मान किया। उन्हें भी शुभकामना पत्र प्रदान कर अपर्णा ओढ़ाई गई तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई।
अधिकारियों ने शतायु मतदाताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उम्र का शतक पार कर चुके मतदाता समाज और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अनुभव एवं प्रेरणा का स्रोत हैं। उनका सम्मान नई पीढ़ी को बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश देता है।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर निर्वाचन विभाग की यह पहल शतायु मतदाताओं के सम्मान के साथ-साथ लोकतंत्र में उनकी भागीदारी और मतदाता के रूप में उनकी महत्वपूर्ण पहचान को रेखांकित करती है।