अरवड़@-स्मार्ट हलचल।निकटवर्ती बावड़ी गांव में गुरुवार सुबह अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात व 1.07 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। वारदात सुबह करीब 7 से 10 बजे के बीच हुई। परिवार के सदस्य खेत पर गए थे, जबकि बच्चे स्कूल गए हुए थे। बच्चों के इंटरवेल में घर लौटने पर चोरी का पता चला। फूलियाकलां थाने के एएसआई कैलाश नाथ ने बताया कि बावड़ी निवासी रामधन कीर के परिवार के सदस्य सुबह खेत पर चले गए थे। पीछे से अज्ञात चोर मकान में घुसे और मुख्य दरवाजे सहित कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और 1.07 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। इंटरवेल के दौरान बच्चे स्कूल से घर लौटे तो मकान के मुख्य दरवाजे व कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा देखकर उन्होंने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। सूचना पर फूलियाकलां पुलिस तथा एमआईयू पुलिस टीम गुलाबपुरा मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।