विकसित भारत-जन सेवा अभियान में दिखी जनभागीदारी, स्वच्छ जोबनेर के लिए लोगों से सहयोग की अपील
अजय सिंह (चिंटू)
जोबनेर-स्मार्ट हलचल।विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत जोबनेर नगर पालिका की ओर से स्वच्छता अभियान चलाकर शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष सरोज गुर्जर स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर सफाई करने उतरीं। उन्होंने पार्षदों एवं नगर पालिका कार्मिकों के साथ सार्वजनिक स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थानों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों को स्वयं सफाई करते देख लोगों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचा। इस दौरान आमजन से अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने तथा कचरा खुले में नहीं डालने की अपील की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष सरोज गुर्जर ने कहा कि स्वच्छ जोबनेर का सपना केवल नगर पालिका के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, इसके लिए शहर के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि लोग अपने स्तर पर भी सफाई का ध्यान रखें और कचरा निर्धारित स्थान पर डालें तो शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में काफी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं, बल्कि इसे रोजमर्रा की आदत बनाने की जरूरत है। विकसित भारत की परिकल्पना में स्वच्छ और व्यवस्थित शहरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। नगर पालिका की ओर से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे और आमजन को भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
अभियान के दौरान पार्षदों एवं नगर पालिका कर्मचारियों ने भी सफाई कार्य में भाग लिया। लोगों को गंदगी नहीं फैलाने, खुले में कचरा नहीं डालने और नगर पालिका की सफाई व्यवस्था में सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने शहरवासियों से अपील की कि सभी मिलकर जोबनेर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।