मुख्य रास्तों पर गंदगी और जलभराव से बढ़ी परेशानी, सरकारी संस्थानों तक पहुंचना भी हुआ मुश्किल
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल।रायला क्षेत्र के गांगलास गांव में इन दिनों मुख्य रास्तों पर जगह-जगह कीचड़, गंदगी और जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में ग्राम समिति, राजकीय स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, अटल सेवा केंद्र सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों तक पहुंचने वाले रास्तों पर अत्यधिक कीचड़ जमा होने से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के बाद स्थिति और अधिक खराब हो गई है। रास्तों पर कीचड़ जमा होने के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। कई स्थानों पर कीचड़ इतना अधिक है कि बच्चों के फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ है।
सरकारी संस्थानों तक पहुंचना भी मुश्किल
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कई प्रमुख सरकारी संस्थानों तक जाने के लिए इन्हीं रास्तों का उपयोग करना पड़ता है। मार्गों पर कीचड़ और गंदगी के कारण मरीजों, विद्यार्थियों तथा ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क किनारे और नालियों के आसपास गंदगी जमा होने से दुर्गंध भी फैल रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में साफ-सफाई के नाम पर लाखों रुपए खर्च किए जाने के बावजूद गांव की जमीनी स्थिति में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। जगह-जगह गंदगी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
कई बार शिकायत, फिर भी स्थायी समाधान नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर सरपंच और ग्राम सचिव के अलावा तहसीलदार तथा क्षेत्रीय विधायक को भी कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी दर्जनों शिकायतें दर्ज कराने की बात ग्रामीणों ने कही है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार हर बार समस्या के समाधान का आश्वासन तो मिला, लेकिन मुख्य रास्तों को आवागमन योग्य बनाने के लिए अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में प्रशासन और पंचायत के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।
बीमारी फैलने की आशंका
गांव में जगह-जगह जमा गंदगी और गंदे पानी के कारण मच्छरों की संख्या बढ़ने के साथ ही दुर्गंध की समस्या भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने गंदगी और जलभराव के कारण बीमारी फैलने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मुख्य रास्तों से तत्काल कीचड़ और गंदगी हटाने, सड़कों की मरम्मत कराने, नालियों की सफाई करने तथा पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। साथ ही पंचायत स्तर पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में राहत मिल सके।