कबड्डी में लगातार दूसरी बार राज्य स्तर पर चयनित हुई मोती बोरखेड़ा की छात्रा पूनम जाट

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम किया रोशन
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल।रायला में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोती बोरखेड़ा की छात्रा पूनम जाट ने कबड्डी के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पूनम जाट का 19 वर्षीय कबड्डी प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार राज्य स्तर पर चयन हुआ है।
विद्यालय के पीटीआई आनंदस्वामी ने बताया कि जहाजपुर के भग्गुनगर में आयोजित जिला स्तरीय 19 वर्षीय कबड्डी प्रतियोगिता में छात्रा पूनम जाट ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचाया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन सुनिश्चित किया।
पीटीआई आनंदस्वामी ने बताया कि शिवराज जाट की पुत्री पूनम जाट ने लगातार दूसरी बार राज्य स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया है। छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
अब पूनम जाट राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लाडनूं (डीडवाना-कुचामन) में आयोजित होने वाली 19 वर्षीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेंगी। विद्यालय के शिक्षकों और ग्रामीणों ने पूनम जाट को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।