नशामुक्त राजस्थान के रोडमैप पर मंथन, राज्य एन-कार्ड बैठक में बनी रणनीति

प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में डीजीपी समेत सभी हितधारक हुए शामिल, नशे की सप्लाई चेन तोड़ने और युवाओं को जागरूक करने पर जोर

जयपुर।स्मार्ट हलचल।राजस्थान को नशे के बढ़ते खतरे से मुक्त करने के लिए गुरुवार को राज्य स्तरीय एन-कार्ड बैठक आयोजित हुई। प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीजीपी समेत पुलिस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य हितधारक शामिल हुए। बैठक में Drug Free Rajasthan के लिए व्यापक रोडमैप तैयार करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा हुई।बैठक में नशीली दवाओं की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई, सप्लाई नेटवर्क की पहचान, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा नशे की रोकथाम के लिए विभागीय स्तर पर समन्वित कार्रवाई पर मंथन किया गया।

युवाओं को नशे से दूर रखने पर फोकस

बैठक में नशे के खिलाफ केवल कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय जागरूकता, रोकथाम, उपचार और पुनर्वास को भी रोडमैप का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। स्कूल-कॉलेजों और युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ने पर भी चर्चा हुई।

‘Say No to Drugs’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

अधिकारियों ने नशे के खिलाफ सामूहिक जन-जागरूकता अभियान को मजबूत करने पर जोर दिया। “Say No to Drugs” के संदेश के साथ युवाओं, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि नशामुक्त राजस्थान के लक्ष्य के लिए कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक संगठनों और अन्य संबंधित एजेंसियों को मिलकर काम करना होगा।