ताला तोड़कर लाखों की चोरी का आरोप, सीएम से लगाई न्याय की गुहार

पीड़िता बोली- थाने में शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, जेवरात, नकदी और वाहन ले जाने का आरोप

खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर थाना क्षेत्र के तेन्दुआ गांव में सूने घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात, बर्तन और वाहन समेत लाखों रुपये का सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही दो नामजद लोगों समेत चार-पांच अज्ञात लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस से कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए महिला ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
तेन्दुआ गांव निवासी आरती देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह के मुताबिक, उनके पति दिल्ली में मजदूरी करते हैं। 26 सितंबर की रात वह घर में ताला लगाकर दवा लेने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान रात करीब 11 बजे गांव के राजन दुबे पुत्र शंकर सुवन और अनमोल पुत्र सुरेंद्र चमार अपने चार-पांच अज्ञात साथियों के साथ घर पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए।
पीड़िता का आरोप है कि घर से सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन समेत अन्य कीमती सामान और वाहन संख्या यूपी 73 के 7266 चोरी कर लिया गया। आरोप है कि बदमाशों ने उसके जेठ महेंद्र सिंह के बंद कमरे का ताला तोड़कर वहां रखा सामान भी पार कर दिया।
आरती देवी ने शिकायती पत्र में मुख्य आरोपी राजन दुबे पर पूर्व में भी जबरन छेड़खानी और उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि लगातार मिल रही कथित धमकियों और उत्पीड़न के कारण वह अपने घर में भी भयभीत है।
पीड़िता के अनुसार घटना के बाद उसने खखरेरू थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद उसने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर मुकदमा दर्ज करने, चोरी गया सामान बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है बाकी जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।