वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी के शोषण का आरोप

खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी का वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर करीब तीन साल तक उसका यौन शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही युवक पर दुष्कर्म, धमकी और मारपीट के आरोप लगाए हैं। मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी खागा को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।पीड़िता के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले वह खेत की ओर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के युवक विकास कुमार ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके माता-पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। डर और बदनामी के कारण वह घटना के बारे में किसी को नहीं बता सकी। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार उसका शोषण करता रहा।शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक दिन वह घर में नहा रही थी, तभी आरोपी ने चोरी से उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया और उसका शोषण करता रहा।

पीड़िता के मुताबिक, 27 सितंबर को आरोपी दोबारा उसके घर में घुस आया और जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर आरोपी ने कथित तौर पर मारपीट की और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए भाग गया। घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों को पूरी जानकारी दी।
पीड़िता के पिता ने 27 सितंबर को खखरेरू थाने में लिखित तहरीर देने की बात कही है। उनका आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद अब तक मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे परेशान होकर पीड़िता ने सीओ खागा को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर दोनों पक्षों के ऊपर मुकदमा किया गया है मामले की जांच चल रही है।