रोजगार उत्सव में 50 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

अंबेडकर भवन में हुआ जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव, युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल।सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के तहत ‘सपनों की उड़ान-सशक्त युवा संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को अंबेडकर भवन में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पदों पर चयनित 50 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कमल राम मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ तथा जिला नोडल अधिकारी एवं उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉ. विश्वास कुमार ने नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। अतिथियों ने नवनियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने युवाओं से निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ जनसेवा और अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। वहीं जयपुर के भवानी निकेतन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्यभर के युवाओं से संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन घेवर सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नवचयनित अभ्यर्थी मौजूद रहे।