नगर परिषद ने निकाली नशामुक्ति रैली, विशेष सफाई अभियान के साथ किया पौधारोपण
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत नगर परिषद ब्यावर की ओर से शुक्रवार को शहर में स्वच्छता, नशामुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे चांग गेट स्थित महात्मा गांधी सर्किल पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण से हुआ। इस दौरान भजन एवं रामधुन का आयोजन किया गया। विधायक शंकर सिंह रावत ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।इस अवसर पर जिला कलेक्टर कमलराम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकृति उज्जैनिया, आयुक्त कीर्ति कुमावत, उपसभापति दीक्षांत हरचंदानी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पार्षद रामावतार लाटा, गोविन्द अग्रवाल, गोपाल सिंह रावत, रूपेश भारद्वाज, तुलसीराम, मुकेश सामरिया, राजस्व अधिकारी मोहिन्द्र राय फुलवारी, भाजपा नेता जयकिशन बल्दुआ, मंगत सिंह, वीरेन्द्र सिंह रावत, बद्री सामरिया, अति प्रशासनिक अधिकारी दमयंती जयपाल, पैरोकार मनोज शर्मा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुरेश काठात, कनिष्ठ अभियंता कपिल गोरा, रतन सिंह एवं रेखा शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके बाद सुबह 8.30 बजे अम्बेडकर सर्किल से महात्मा गांधी सर्किल होते हुए कुमारानंद सर्किल से चांग गेट तक विशेष स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। वहीं सुबह 9 बजे चांग गेट से नशामुक्ति रैली निकाली गई। विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलेक्टर कमलराम मीना, सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इसके बाद जाजोदिया पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ब्यावर का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में शास्त्री सर्किल पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उनके आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया गया।
सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ ने शहरवासियों से स्वच्छता एवं नशामुक्ति अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर ब्यावर का निर्माण किया जा सकता है। नगर परिषद ने आमजन से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति के सामूहिक संकल्प को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।