दुर्गा लाल बैरवा बने भीम आर्मी के भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

काछोला-स्मार्ट हलचल।माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के काछोला तहसील के ग्राम राजपुरा निवासी दुर्गा लाल बैरवा को भीम आर्मी भारत एकता मिशन राजस्थान का भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन के प्रदेश संयोजक चंद्रशेखर मौर्य की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में बैरवा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्ति के बाद दुर्गा लाल बैरवा ने कहा कि गरीब किसान परिवार से निकलकर संगठन में एक छोटे से कार्यकर्ता के रूप में काम करने वाले उन्हें जिलाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वे इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पित भाव से करेंगे तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
बैरवा ने नियुक्ति के लिए भीम आर्मी के संस्थापक एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद, राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह, राजस्थान प्रदेश संयोजक चंद्रशेखर मौर्य सहित भीलवाड़ा जिले के समस्त सक्रिय जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि संगठन के उद्देश्यों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
दुर्गा लाल बैरवा की नियुक्ति पर माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।