RYLA-26 ‘एक नई उड़ान’ में सीखने के साथ हुनर निखारने का मंच

फिटनेस से वैदिक गणित तक, आत्म-अन्वेषण से सीपीआर प्रशिक्षण तक विद्यार्थियों ने सीखे जीवन के जरूरी गुर

कोटा। स्मार्ट हलचल।रोटरी क्लब पद्मिनी कोटा की ओर से आयोजित रायला-26 ‘एक नई उड़ान’ विद्यार्थियों के लिए सीखने, खुद को पहचानने और नई क्षमताओं को विकसित करने का अनूठा मंच बना। अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने बताया कि थेगडा स्थित गुरूकुल में दिनभर चले कार्यक्रम में फिटनेस, वैदिक गणित, आत्म-अन्वेषण, जीवन कौशल और प्राथमिक चिकित्सा से जुड़े सत्रों के साथ विद्यार्थियों को मनोरंजक गतिविधियों से भी जोड़ा गया। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें बदलती प्रतिस्पर्धी दुनिया के लिए तैयार करना रहा।
सचिव डा. प्रीति शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं प्रतिभागियों के परिचय से हुई। रोटरी क्लब पद्मिनी की अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने रायला के उद्देश्य और ‘एक नई उड़ान’ की अवधारणा से विद्यार्थियों को परिचित कराया। प्रोजेक्ट स्पॉन्सर शिल्पा माहेश्वरी का आयोजन में विशेष सहयोग रहा, जबकि प्रोजेक्ट डायरेक्टर शुभा गुप्ता ने कार्यक्रम का समन्वय किया। प्राचार्य सतनाम सिंह और प्रशासन प्रभारी कर्नल मेहताब खताना का भी आयोजन को सफल बनाने में मार्गदर्शन रहा।
फिटनेस सत्र में जुंबा एवं एरोबिक्स प्रशिक्षक नेहा जैठिया ने विद्यार्थियों को व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। इसके बाद वैदिक गणित विशेषज्ञ रेखा गुप्ता ने रोचक गतिविधियों के माध्यम से गणना को आसान बनाने की तकनीकें बताईं। ‘नो योरसेल्फ’ सत्र में ट्रेनर एवं सोशल इम्पैक्ट प्रोफेशनल अनिता चौहान ने विद्यार्थियों को अपनी रुचियों, क्षमताओं और व्यक्तित्व को समझने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण सत्र ‘हाउ टू स्टे प्रोग्रेसिव इन दिस कम्पेटिटिव वर्ल्ड’ रहा। डॉ. सुरभि गोयल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बदलते परिवेश में सीखने, आगे बढ़ने और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने पर चर्चा की। उन्होंने सीपीआर प्रशिक्षण के माध्यम से आपात परिस्थितियों में प्राथमिक स्तर पर जीवन बचाने की जानकारी भी दी।
दिनभर के सीखने वाले सत्रों के बाद जेमिंग और अंताक्षरी ने माहौल को मनोरंजन और उत्साह से भर दिया। विद्यार्थियों ने गीत-संगीत की गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का समापन खुशनुमा माहौल में हुआ।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट RYLA वाइस चेयर सुनीता कचोलिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। रोटरी क्लब पाड्मिनी की सचिव डॉ. प्रीति शर्मा के साथ सोनिया लखोटिया, प्रीति आनंद, नीता मित्तल, रेणु पालीवाल और शशि अग्रवाल सहित क्लब सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन ने विद्यार्थियों को सीखने के साथ अपनी प्रतिभा पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया।