खखरेरू/फतेहपुर* क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर शुक्रवार सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म हो जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह कामकाज और ड्यूटी के लिए निकलने वाले वाहन चालकों को घंटों लाइन में लगना पड़ा, लेकिन कई लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
जमीनी हकीकत जानने के लिए क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का जायजा लिया गया तो सैकड़ों वाहन डीजल और पेट्रोल भरवाने के लिए कतार में खड़े दिखाई दिए। वहीं बड़ी संख्या में लोग गैलन और बोतलों में भी डीजल-पेट्रोल भरवाते नजर आए।
संगम फिलिंग स्टेशन, मुबारकपुर गेरिया
अझुआ-रक्षपालपुर मार्ग पर स्थित संगम फिलिंग स्टेशन में सुबह करीब 8 बजे से ही पेट्रोल खत्म होने का बोर्ड लगा दिया गया था, जबकि डीजल की बिक्री जारी रही। यहां कई लोग गैलन और बोतलों में डीजल भरवाते नजर आए। मौजूद ग्राहकों ने बताया कि गुरुवार शाम पेट्रोल न मिलने को लेकर कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच कहासुनी भी हो गई थी। ड्यूटी पर जाने वाले कई लोगों को पेट्रोल न मिलने से निराशा हाथ लगी।
अपना पेट्रोल पंप, दरियामऊ
दरियामऊ के पास स्थित अपना पेट्रोल पंप पर देर रात से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही। हालांकि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तक पेट्रोल और डीजल दोनों का स्टॉक खत्म हो गया। इसके बाद पेट्रोल पंप परिसर में बैरिकेडिंग कर स्टॉक समाप्त होने का बोर्ड लगा दिया गया।
किसान पेट्रोल पंप, रक्षपालपुर
रक्षपालपुर स्थित किसान पेट्रोल पंप पर भी वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। यहां कर्मचारियों द्वारा गैलन और बोतलों में डीजल-पेट्रोल की बिक्री की जा रही थी। जबकि जिला आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार गैलन और बोतलों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर रोक है। इसके बावजूद बढ़ती भीड़ को देखते हुए कर्मचारी नियमों को दरकिनार कर बिक्री करते नजर आए।
अफवाहों के चलते बढ़ी भीड़
शासन द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जनता से डीजल-पेट्रोल का अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद अफवाहों के चलते लोग बड़ी मात्रा में डीजल-पेट्रोल जमा करने के लिए सुबह से देर रात तक पेट्रोल पंपों पर लाइन में लगे दिखाई दे रहे हैं।
वहीं किसानों का कहना है कि खरीफ की फसल लगभग तैयार हो चुकी है, जिसकी कटाई और मड़ाई के लिए डीजल की आवश्यकता अधिक पड़ती है। इसी कारण कई किसान डीजल का भंडारण करने को मजबूर हैं।
इस संबंध में जिला आपूर्ति निरीक्षक फतेहपुर से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि जनपद में पेट्रोल डीजल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है अगर पेट्रोल पंपों पर मनमानी तौर से पेट्रोल डीजल का विक्रय किया जा रहा है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
