मारवाड़ी पंचायत संस्था के 53वें चिकित्सा शिविर में 120 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।श्री अग्रवाल मारवाड़ी पंचायत संस्था की ओर से लालान गली स्थित पंचायत भवन में रविवार को 53वें चिकित्सा परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 120 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।शिविर का शुभारंभ संस्था के मंत्री राधेश्याम डाणी ने महाराजा श्री अग्रसेनजी की छवि पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, वजन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें निशुल्क की गईं। एम्स दिल्ली के पूर्व रेजिडेंट डॉ. ऋषभ जैन ने स्वास्थ्य संबंधी विशेषज्ञ परामर्श दिया। वहीं डॉ. तृप्ति तंवर ने दंत परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ डॉ. कल्पना गोयल ने शरीर के जोड़ों एवं अन्य अंगों में होने वाले दर्द से राहत के लिए विभिन्न व्यायाम एवं थेरेपी की जानकारी दी। स्थानीय अमृतकौर अस्पताल के लैब टेक्नीशियन आशीष मेहरा एवं नकुल कुमार ने भी जांच कार्य में सेवाएं दीं।
शिविर संयोजक घनश्याम अरडका ने बताया कि संस्था की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता के साथ जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। संस्था द्वारा ब्यावर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को बिना जाति, धर्म एवं संप्रदाय के भेदभाव के मेडिकल उपकरण भी निशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं।
शिविर की व्यवस्थाओं में राधेश्याम डाणी, घनश्याम अरडका, प्रेम जिंदल, सुशील जिंदल, बालकिशन डाणी, पंकज बजारी, चंद्रेश गर्ग, सुनील जिंदल, शांतिप्रकाश डाणी, आनंद रायपुरिया, सुशील गर्ग, दिनेश हरसोरिया एवं नरेंद्र बजारी सहित संस्था के सदस्यों ने सहयोग किया। संस्था ने चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों, सदस्यों, आगंतुकों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
अध्यक्ष रमेश बंसल ने नागरिकों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा संस्था के चिकित्सा शिविरों का लाभ उठाने का आग्रह किया। अगला चिकित्सा शिविर 1 नवंबर रविवार को आयोजित किया जाएगा।