चित्रों में उकेरी कल्पनाओं को मिला सम्मान, विजेता छात्राएं सम्मानित

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तहनाल गेट, शाहपुरा में संचिना कला संस्थान के तत्वावधान में 2 अक्टूबर को आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार बघेरवाल ने की। संचिना रंगमंच के अध्यक्ष राम प्रसाद पारीक का सान्निध्य रहा। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी एवं शिक्षाविद् राज कुमार बैरवा तथा ब्लॉक साक्षरता कोऑर्डिनेटर हनुमान प्रसाद शर्मा ने छात्राओं को प्रोत्साहित किया।
अतिथियों ने कहा कि चित्रकला बाल मन की कल्पनाओं और भावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। ऐसी रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनके आत्मविश्वास और सृजनशीलता को भी विकसित करती हैं। प्रधानाचार्य अनिल कुमार बघेरवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का समावेश विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
संचिना कला संस्थान अध्यक्ष राम प्रसाद पारीक ने प्रतिभागी छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा को सही अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन सकती है। ब्लॉक साक्षरता कोऑर्डिनेटर श्री हनुमान प्रसाद शर्मा एवं समाजसेवी श्री राज कुमार बैरवा ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में लुबानी रेगर ने प्रथम, नेहा बैरागी एवं परिधि नरूका ने द्वितीय तथा सरिता गुर्जर एवं लक्ष्मी कहार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अध्यापक सूर्य प्रकाश शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि “कला वह भाषा है, जो बिना शब्दों के भी मन के भावों को अभिव्यक्त कर देती है।” उन्होंने छात्राओं को अपनी सृजनात्मक प्रतिभा को निरंतर निखारने तथा भारतीय संस्कृति और जीवन-मूल्यों से जुड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर लीला व्यास, सुमन राठौर, शकुंतला मीणा, गुलाबचंद रेगर, चंद्रकला टाक, अनीता शर्मा, प्रेम देवी मीणा एवं पूजा धाकड़ सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बालिकाओं की कलात्मक प्रतिभा और उत्साह ने समारोह को जीवंत बना दिया।