शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|स्वायत्त शासन विभाग,राजस्थान, जयपुर के आदेशों की पालना में आयुक्त रिंकल गुप्ता ने 5 अक्टूबर को अधिशाषी अधिकारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही आयुक्त गुप्ता एक्शन मोड में नजर आए और उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही मौका निरीक्षण किया।
बिना स्वीकृति निर्माण पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान बिना स्वीकृति निर्माण कार्य करने वाले भू-स्वामियों को नोटिस जारी कर पाबंद किया गया है। आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति निर्माण करने पर नगर पालिका अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि पालिका की बिना स्वीकृति के कोई निर्माण कार्य न करें और बिना ले-आउट पास कृषि भूमि की कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से बचें ताकि भविष्य में होने वाली परेशानियों से बचा जा सके।
कर्मचारियों को पारदर्शिता और समयबद्धता के निर्देश
आयुक्त ने पालिका कार्मिकों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि आम नागरिकों के कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित समयावधि में नियमानुसार पूरे किए जाएं।
7 अक्टूबर से ‘सेवा सेतु अभियान’ का आयोजन
आयुक्त गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक नगर पालिका सभागार में ‘सेवा सेतु अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में सहयोग देने और कचरा केवल पालिका के ऑटो टीपर में ही डालने की बात कही।