शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोरड़ा बावरियान के छात्र नारायण सिंह राणावत का ताइक्वांडो में राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर ग्रामवासियों एवं शाला परिवार की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नारायण सिंह राणावत को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नारायण सिंह की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शारीरिक शिक्षक मनमोहन शर्मा का भी सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि नारायण सिंह राणावत ने इससे पूर्व राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर उन्होंने विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारका प्रसाद जोशी एवं उप प्राचार्य कृष्ण कटारिया ने नारायण सिंह को शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद व उद्बोधन दिया। मंच संचालन धर्मेंद्र सिंह खिड़या ने किया। इस दौरान टीम प्रभारी नादान कश्यप सहित शाला परिवार एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।